हुसैनगंज-सब्जी मंडी मार्ग पर जलभराव से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन पर साधा निशाना, जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी।
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। हुसैनगंज से सब्जी मंडी जाने वाले मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव के नेतृत्व में सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क की जर्जर हालत पर रोष व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत के बावजूद न तो जलनिकासी की व्यवस्था की गई और न ही सड़क की मरम्मत कराई गई। इस दौरान अनिल यादव ने कहा कि सड़क पर धान रोपना प्रशासनिक विफलता का प्रतीक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण एवं जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन करेगी।
0 टिप्पणियाँ