रक्तदान शिविर का उद्घाटन, ग्रामीण मरीजों के लिए निःशुल्क वाहन सेवा शुरू करने की घोषणा।
संवाददाता - धीरज वर्मा
आजमगढ़। जनपद स्थित शिवालिक हॉस्पिटल परिसर में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार सिंह एवं उनके पुत्र द्वारा किया गया। समारोह में क्षेत्रीय अध्यक्ष का बुके, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद विनोद राय ने मंचासीन अतिथियों एवं विशिष्ट जनों को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। वंदे मातरम् की प्रस्तुति के बीच आयोजित समारोह में राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक एकता का माहौल देखने को मिला। अपने संबोधन में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा, सेवा और समर्पण पर आधारित है।
इस अवसर पर शिवालिक हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए निःशुल्क वाहन सेवा शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि रौनापार, भीमबर, चांदपट्टी, बिलरियागंज, पकवा इनार, जीयनपुर, पटवध सरैया सहित आसपास के क्षेत्रों से मरीजों को अस्पताल तक लाने, स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उपचार के बाद सुरक्षित घर पहुंचाने की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उपस्थित लोगों ने इस जनसेवा पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण मरीजों के लिए लाभदायक बताया।
समारोह के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने हॉस्पिटल परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया और अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष पी.पी. राय, श्रीकृष्ण पाल, सत्येंद्र राय, अखिलेश मिश्रा (गुड्डू मिश्रा), ब्लॉक प्रमुख रमेश यादव, डॉ. पूनम सिंह, मालती सिंह, सीडब्ल्यूसी बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट अखिलेश सिंह, भाजपा बिलरियागंज मंडल अध्यक्ष रूद्रप्रकाश राय, सूर्य प्रकाश मिश्रा, संदीप सिंह (सोनू सिंह), श्याम नारायण सिंह, अजेन्द राय, डॉ. भक्त वत्सल, हरीश तिवारी, सिद्धार्थ राम सिंह, रामपाल सिंह, प्रमोद राजभर, लालचंद यादव, मेल्हूराम शास्त्री, सुशील सिंह, अमरजीत पासवान, डॉ. घनश्याम सिंह पटेल, सत्य प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, चिकित्सक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हरीश पाठक ने किया, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने की। समारोह में जनसेवा, स्वास्थ्य और सामाजिक सहयोग के संदेश पर विशेष जोर दिया गया।
0 टिप्पणियाँ