उदगवां और उपरायं में विशाल जनसभाओं को करेंगे संबोधित, प्रबुद्धजन बैठक और व्यापारी सम्मेलन में भी होंगे शामिल।
भोपाल/दतिया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 25 जुलाई को दतिया विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे उपचुनाव के मद्देनज़र विभिन्न जनसभाओं, बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजन को संबोधित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे दतिया के उदगवां में तथा शाम 4 बजे सीतापुर मंडल के ग्राम उपरायं में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे दतिया चुनाव कार्यालय स्थित होटल रतन रॉयल में प्रबुद्धजन बैठक में भाग लेंगे। बैठक के उपरांत वे दतिया नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।
प्रवास के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री शाम 7:45 बजे होटल एमपीटी मोटेल में आयोजित व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे व्यापारिक समुदाय से संवाद कर प्रदेश सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर अपने विचार साझा करेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को दतिया उपचुनाव के प्रचार अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ