1.75 लाख रुपये वापस न मिलने का आरोप, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप।
-------------------------
फरिहा चौकी पुलिस ने समय रहते युवक को सुरक्षित उतारा, दोनों पक्षों से वार्ता कर समाधान का दिया आश्वासन।
संवाददाता -अबुल कैश
फरिहा (आजमगढ़)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा–सरायमीर मार्ग पर शुक्रवार सुबह रुपयों के लेन-देन के विवाद से परेशान एक युवक ने पेड़ से उल्टा लटककर विरोध प्रदर्शन किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फरिहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान फरहान पुत्र समीम अहमद, निवासी चकिया (वर्तमान में अपने ननिहाल में रह रहा है) के रूप में हुई। फरहान का आरोप है कि उसके दिवंगत मामू ने फरिहा निवासी तैय्यब को करीब 1.75 लाख रुपये उधार दिए थे, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद धनराशि वापस नहीं की गई। कई बार रुपये मांगने के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकला तो उसने विरोध का यह अनोखा तरीका अपनाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फरहान ने पेड़ की ऊपरी डाल पर अपने पैर रस्सी से बांध लिए और उल्टा लटककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। काफी देर तक युवक को समझाने और बातचीत करने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर बातचीत की और बकाया धनराशि के विवाद का समाधान कराने का आश्वासन दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोनों पक्षों से प्राप्त तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने समय रहते पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि थोड़ी भी देर होती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
0 टिप्पणियाँ