आजमगढ़ : जर्जर मकान की छत गिरने से 20 वर्षीय छात्र की मौत, परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बचे।

रानी की सराय में आधी रात हादसा, आईटीआई में प्रवेश की तैयारी कर रहा था सौरभ; मलबे में दबने से गई जान।
----------------------
पीएचसी में डॉक्टर न होने और पुलिस कार्रवाई में देरी के आरोप, परिजनों ने कार्रवाई की मांग उठाई।
आजमगढ़। रानी की सराय कस्बे के निजामाबाद मोड़ स्थित रामलीला मैदान के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में जर्जर मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से 20 वर्षीय छात्र सौरभ साव की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे और उनकी जान बच गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बिहार के बेगूसराय जनपद के तेघड़ा थाना क्षेत्र के लेधरा गांव निवासी सत्यनारायण साव अपने परिवार के साथ रानी की सराय में किराये के मकान में रहते हैं। गुरुवार देर रात मकान की तीसरी मंजिल की छत अचानक दूसरी मंजिल पर आ गिरी। तेज धमाके की आवाज सुनते ही परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन सबसे छोटा बेटा सौरभ साव अपने कमरे में चारपाई पर मोबाइल चला रहा था और बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही क्षण बाद दूसरी मंजिल की छत भी ढह गई, जिससे वह मलबे के नीचे दब गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सौरभ को मलबे से बाहर निकाला। उसे तत्काल एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां परिजनों का आरोप है कि रात में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। इसके बाद छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि सौरभ ने हाईस्कूल उत्तीर्ण किया था और गुरुवार को ही आईटीआई में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र लेकर घर आया था। वह परिवार की आर्थिक मदद के लिए एक बाइक मैकेनिक की दुकान पर भी काम करता था। तीन भाइयों में सबसे छोटा सौरभ मेहनती और होनहार छात्र था, जिसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि यदि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक मौजूद होते तो घायल छात्र को तुरंत उपचार मिल सकता था। वहीं पुलिस कार्रवाई में भी देरी का आरोप लगाया गया। बताया गया कि सूचना मिलने पर पहले डायल-112 की टीम पहुंची और बाद में संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक के पिता सत्यनारायण साव ने मामले में तहरीर देकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ