आजमगढ़ : चार दिन से लापता मासूम का शव पोखरी में मिलने से मचा कोहराम।

सिकठी गांव में शोक की लहर, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; सभी पहलुओं पर जांच शुरू।
संवाददाता -अबुल कैश 
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सिकठी गांव में चार दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम बच्चे का शव रविवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पोखरी में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सिकठी गांव के उत्तर मोहल्ला निवासी वहाबुद्दीन का पांच वर्षीय पुत्र मोहम्मद आरिज चार दिन पहले घर के बाहर खेलने के लिए निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में मुबारकपुर थाने में सूचना देकर गुमशुदगी की जानकारी दी। इसके बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।
रविवार को गांव के लोगों ने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पोखरी में मासूम का शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ