जनसंपर्क के दौरान जनता की समस्याएं सुनकर मौके पर समाधान का दावा, पार्टी पदाधिकारियों को दिए गए निर्देश।
अभियान में निशुल्क एलोपैथिक-होम्योपैथिक चिकित्सकीय परामर्श और कानूनी सलाह उपलब्ध कराने की घोषणा।
कानपुर। चुनावी माहौल के बीच भारतीय रक्षक पार्टी ने कानपुर में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू करने की तैयारी की है। पार्टी की ओर से सघन पदयात्रा और जनसंपर्क के माध्यम से सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान की दिशा में तत्काल पहल करने की बात कही गई है।
एक उच्चस्तरीय बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष रूद्र सक्सेना और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गौरव मिश्रा ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। पार्टी नेताओं ने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और संबंधित मामलों में यथासंभव मौके पर सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जनसंपर्क के दौरान आम लोगों को निशुल्क एलोपैथिक चिकित्सकीय सलाह, डॉ. कुलदीप मिश्रा द्वारा निशुल्क होम्योपैथिक परामर्श तथा विशेषज्ञों के माध्यम से निशुल्क कानूनी सलाह उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही लोगों को विशेष हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे चिकित्सकीय और कानूनी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।
पार्टी की ओर से कहा गया कि उसका उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहना है। बैठक में कानपुर जिलाध्यक्ष अनुज पांडे, वार्ड अध्यक्ष आनंद, कार्यकर्ता सुजीत, कृष्णा समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ