समकेरगंज पुलिया के पास चोरी की योजना बनाते समय गिरफ्तारी, दोनों आरोपितों के खिलाफ पहले से भी दर्ज हैं कई मुकदमे।
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानागंज थाना पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो बैटरियां और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 की रात गश्त एवं चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर समकेरगंज पुलिया के पास से अमित विश्वकर्मा (23) और विशाल विश्वकर्मा (28) निवासी फैजपुर, थाना जहानागंज को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में दोनों के पास से दो बैटरियां, दो रिंच, दो पेचकस, एक छोटी टेढ़ी सरिया और एक प्लास बरामद हुए।
पूछताछ और बरामदगी के आधार पर थाना जहानागंज में मुकदमा अपराध संख्या 168/2026, धारा 313 एवं 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अमित विश्वकर्मा के विरुद्ध पूर्व में चोरी, मारपीट, पॉक्सो एवं एससी/एसटी एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि विशाल विश्वकर्मा के खिलाफ भी पूर्व से आपराधिक मामला दर्ज है। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक दिनेश कुमार पाल, कांस्टेबल अजय गौड़, कांस्टेबल रितेश प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल हरिगोविन्द मौर्य की टीम ने अंजाम दिया।
0 टिप्पणियाँ