संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर चला विशेष सफाई अभियान, लोगों को स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक।
आजमगढ़। संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में सावन माह को देखते हुए धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई कराई जा रही है।
इसी क्रम में बुधवार को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के निर्देश पर अफसर कॉलोनी, रैदोपुर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घास एवं झाड़ियों की कटाई, कचरा हटाने, झाड़ू लगाने तथा दवा का छिड़काव किया गया। सफाई कर्मचारियों ने क्षेत्रवासियों को घरों और धार्मिक स्थलों के आसपास नियमित साफ-सफाई रखने तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए जागरूक भी किया।
अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता बनाए रखने से मौसमी एवं संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। जनपद भर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान में गुलाब चौरसिया, मोहम्मद असलम, श्रीकृष्ण यादव, जान मोहम्मद, बबीता, रियाजुद्दीन सहित अन्य सफाई कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
0 टिप्पणियाँ