जनता क्रान्ति पार्टी (राष्ट्रवादी) के कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन मजबूती और जनसमस्याओं पर चर्चा।
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। जनता क्रान्ति पार्टी (राष्ट्रवादी) के तत्वावधान में बुधवार को नेहरू हाल, आजमगढ़ में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री मटरू चौहान ने की। मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश चौहान तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष सुनील चौहान राना रहे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि कमलेश चौहान ने कहा कि जनता क्रान्ति पार्टी (राष्ट्रवादी) राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए देश में शिक्षा के राष्ट्रीयकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों की बढ़ती संख्या और अलग-अलग किताबों व शुल्क व्यवस्था के कारण अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। महंगी होती शिक्षा गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई में बाधा बन रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निजी विद्यालयों में किताब, प्रवेश शुल्क और शिक्षा शुल्क के नाम पर मनमानी वसूली की शिकायतें सामने आती रहती हैं, लेकिन सरकार इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है। उन्होंने सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि ब्लॉक और विकास भवन स्तर पर सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायतें जनता के बीच चर्चा का विषय बनी रहती हैं।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील चौहान राना ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भय, भ्रष्टाचार, लूट, हत्या, छिनैती और चोरी जैसी घटनाओं को लेकर जनता परेशान है। उन्होंने सरकार के सुशासन के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में बदलाव के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है।
सम्मेलन में पिन्टू चौहान, जय बहादुर मौर्या, राममूरत चौहान, राजदेव, भूपेंद्र गोंड, छोटू राम, सुब्बन चौहान, भीम चौहान, संजय गुप्ता, प्रदीप चौहान, अमित चौहान, महेंद्र धारीकर और डॉ. लालमान सहित अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन संजीव चौहान ने किया। सम्मेलन में पार्टी की नीतियों, संगठन को मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
0 टिप्पणियाँ