आजमगढ़ : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रेलर से टकराई पिकअप, चालक की मौत, दो गंभीर घायल।

सुबह चार बजे हुआ हादसा, ट्रेलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच।
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब जनरेटर लेकर जा रही पिकअप वाहन कथित रूप से सड़क पर खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई। दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, लखनऊ के राजेंद्र नगर क्षेत्र स्थित कायमखेड़ा पटरा कॉलोनी निवासी शंभू राजपूत (40) अपने साथी विवेक पांडेय (28) के साथ पिकअप वाहन से जनरेटर लेकर बलिया जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 229.2 पर उनकी पिकअप कथित रूप से सड़क पर खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक शंभू राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक के भाई सियाराम राजपूत की तहरीर पर पुलिस ने ट्रेलर चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ ही ट्रेलर के सड़क पर खड़े होने की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ