आजमगढ़ : शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी कमलेश यादव के समर्थन में जुटे सपाई।

शैक्षिक विचार गोष्ठी में भाजपा सरकार पर साधा निशाना, शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संघर्ष का किया आह्वान।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। नेहरू हॉल में रविवार को गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश यादव के समर्थन में शैक्षिक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की, जबकि संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया।
मुख्य अतिथि एवं सपा चुनाव प्रभारी राम प्रसाद चौधरी सांसद बस्ती ने कहा कि शिक्षक एमएलसी का चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्कूलों, विश्वविद्यालयों और इंटर कॉलेजों की व्यवस्था को कमजोर कर रही है। वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की स्थिति चिंताजनक है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को लेकर संवेदनशील नहीं है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाता था। अखिलेश यादव सरकार ने वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय और अन्य सुविधाएं देने की दिशा में पहल की थी, जिसे वर्तमान सरकार ने रोक दिया। उन्होंने शिक्षकों, प्रबंधकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से सपा प्रत्याशी कमलेश यादव को जिताने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। साथ ही ब्लॉक स्तर पर संचालन कमेटियां गठित करने के निर्देश दिए।
आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि आजमगढ़ समाजवादियों का गढ़ है। उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायक और पदाधिकारी शिक्षकों के बीच पहुंचकर सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए शिक्षकों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष एवं शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उनके हक और अधिकार की लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने चुनाव को अपना चुनाव मानकर प्रत्याशी कमलेश यादव के समर्थन में जुटने की अपील की।
इस दौरान पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, शिक्षक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ