कार्यकर्त्ताओ से बूथ मजबूत करने की अपील, 2027 में सपा सरकार बनाने का किया आह्वान।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के लिए भाजपा की नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा है और कानून-व्यवस्था, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है।
अखिलेश यादव मंगलवार को विभिन्न जिलों से आए सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी द्वारा तय किए गए प्रत्याशी को सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनाव जिताने का काम करें। उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई स्थानों पर सड़क और हाईवे क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
उन्होंने जलभराव की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि गोरखपुर और प्रयागराज समेत कई शहरों में बारिश के बाद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप था कि नालों की समुचित सफाई नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर प्रदेश की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए काम किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ