गांव-गांव पहुंचकर लोगों से कर रहे संवाद, 2027 में अवसर मिलने पर स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विकास का रखा एजेंडा।
संवाददाता -धीरज वर्मा
निजामाबाद/आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के नेता वसीम अहमद इन दिनों निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वह गांव-गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद करने का प्रयास कर रहे हैं।
वसीम अहमद का कहना है कि जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राजनीति को केवल चुनाव तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का अवसर देता है और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, ब्लॉक स्तर पर बुनियादी सुविधाओं का विकास, आवागमन के साधनों को मजबूत करना, निजामाबाद का सुंदरीकरण और युवाओं के लिए खेल मैदान उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
वसीम अहमद ने कहा कि निजामाबाद के सर्वांगीण विकास के लिए जनता की राय और स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनका उद्देश्य क्षेत्र को शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास और रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। लगातार जनसंपर्क और लोगों के बीच सक्रिय रहने के कारण वसीम अहमद की राजनीतिक गतिविधियां क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह लगातार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और समाधान के लिए सहयोग करने का प्रयास करते हैं।
0 टिप्पणियाँ