आजमगढ़: जर्जर पुलिया पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग।

पुलिया के नीचे लगी सरिया कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। 
संवाददाता-धीरज वर्मा 
आजमगढ़। जर्जर पुलिया की स्थिति को लेकर राष्ट्रीय उलामा काउंसिल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर भारी वाहनों के आवागमन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने किया।
अनिल सिंह ने बताया कि उक्त पुलिया सिंचाई विभाग/नहर विभाग के अंतर्गत आती है और वर्तमान में इसकी हालत बेहद खराब है। पुलिया के नीचे लगी सरिया कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। संकरी सड़क पर लगातार भारी वाहनों के आवागमन से किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग से स्कूल बसों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। क्षेत्र में पूर्व में भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में जनसुरक्षा को देखते हुए पुलिया पर भारी वाहनों का आवागमन तत्काल प्रतिबंधित किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल छोटे वाहनों को आवागमन की अनुमति दी जा सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि संगठन की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पुलिया का नए सिरे से निर्माण कराने, उसे मजबूत करने तथा सड़क को चौड़ा कराने की मांग की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
प्रदर्शन में मोहम्मद आरिफ, ओसामा, रिजवान, आसिफ, विनोद, आशीष, प्रदीप, बलवंत सिंह, राजेश यादव और आशीष सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ