अधेड़ की मौत से इलाके में मचा हड़कंप, पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस।
संवाददाता -अबुल कैश
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के बुढ़ानपट्टी गांव के पास स्थित जंगल में रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर रशीदगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक अधेड़ उम्र का प्रतीत हो रहा है। काफी प्रयास के बाद भी देर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के पास करीब पांच से छह हजार रुपये होने की बात सामने आई है। हालांकि, रुपये की बरामदगी और इससे जुड़े अन्य तथ्यों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मृतक जंगल में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है।
पुलिस की जांच और शव की पहचान होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
0 टिप्पणियाँ