आजमगढ़ : नशा मुक्त भारत और ‘विकसित भारत जी राम जी कानून’ पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

केंद्रीय संचार ब्यूरो के आयोजन में विद्यार्थियों को किया गया जागरूक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी।
आजमगढ़। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो,  आजमगढ़ द्वारा मंगलवार को लालगंज स्थित शांति सुदामा पीजी कॉलेज में "नशा मुक्त भारत" तथा "विकसित भारत जी राम जी कानून" विषय पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने नशे के दुष्प्रभावों, युवाओं की भूमिका तथा सरकार की नई योजनाओं की जानकारी देते हुए समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहन लाल ने कहा कि नशे के कारण व्यक्ति को आर्थिक, शारीरिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए हानिकारक है, इसलिए इससे दूर रहना और दूसरों को भी जागरूक करना आवश्यक है।
संयुक्त चिकित्सालय लालगंज के डॉ. प्रभाकर ने कहा कि वर्तमान समय में नशा मनुष्य के विनाश का बड़ा कारण बन चुका है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलानी चाहिए।
कॉलेज के प्राचार्य महेंद्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच अपनाने, योग, व्यायाम और अच्छे संस्कारों को जीवन में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को विशेषज्ञों की सलाह लेकर अपने व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन करना चाहिए।
गोसाई की बाजार चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने पर बल दिया, जबकि स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय समन्वयक दिलीप पाण्डेय ने युवाओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी तारिक अज़ीज़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2 अगस्त 2026 से "नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान" की शुरुआत की गई है, जो 100 सप्ताह तक पूरे देश में चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि "विकसित भारत जी राम जी" योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को अब 125 दिनों के रोजगार की गारंटी प्रदान की जा रही है, जिसे 1 जुलाई 2026 से लागू किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं गौतम लोकगीत एवं बिरहा पार्टी ने लोकगीतों के माध्यम से नशा मुक्ति और सरकारी योजनाओं का संदेश प्रस्तुत किया।
अंत में "नशा मुक्त भारत" और "विकसित भारत जी राम जी कानून" के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता चेतना रथ को कॉलेज प्रबंधन द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं आमजन के बीच जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर डॉ. आनंद यादव, सरिता सिंह, राजन रावत, हर्षित मिश्रा, सुनील कुमार, जय प्रकाश, ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ