आजमगढ़: परीक्षा में नकल का प्रयास, कान में हियरिंग डिवाइस और कपड़ों में ब्लूटूथ डिवाइस बरामद।

बाहरी व्यक्ति से उत्तर हासिल करने की थी कथित योजना, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।
संवाददाता - राकेश गौतम 
आजमगढ़। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में 9 अगस्त को आयोजित UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा के दौरान नकल के कथित प्रयास का मामला सामने आया। कक्ष निरीक्षकों को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। तलाशी के दौरान अभ्यर्थी के कान के अंदर छिपाई गई एक हियरिंग डिवाइस, अंडरवियर में छिपाया गया एक ब्लूटूथ डिवाइस और दो सेल बैट्री बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभ्यर्थी ने बाहरी व्यक्ति से प्रश्नों के उत्तर प्राप्त कर परीक्षा में नकल करने की योजना के बारे में जानकारी दी। मामले में वाराणसी के जन्सा थाना क्षेत्र के ग्राम भड़ाव निवासी करीब 24 वर्षीय आलोक पटेल पुत्र वंशराज पटेल को 9 अगस्त को लगभग 11:45 बजे हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कब्जे में लेकर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अनुचित साधनों के इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ