फरिहां-सरायमीर मार्ग पर ग्रामीण बैंक के सामने हादसा, ओवरटेक के दौरान संतुलन बिगड़ने से हुई भिड़ंत।
संवाददाता -अबुल कैश
निजामाबाद (आजमगढ़)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां-सरायमीर मार्ग पर ग्रामीण बैंक के सामने बुधवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार स्पलेंडर बाइक और टीवीएस मोपेड की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्पलेंडर बाइक फरिहां की ओर से सरायमीर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान ऑटो रिक्शा को ओवरटेक करने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सामने से आ रही टीवीएस मोपेड से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान श्रवण मौर्या पुत्र स्वर्गीय फुनन्न मौर्या (37) तथा साहिल अहमद पुत्र पिल्लू अहमद (25), दोनों निवासी फरिहां के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर फरिहां चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
0 टिप्पणियाँ