आजमगढ़ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का सजीव प्रसारण, 500 महिलाओं को साड़ी व मिष्ठान भेंट; 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेगी निशुल्क बस यात्रा की सुविधा।
संवाददाता -धीरज वर्मा
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का बुधवार को आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, एडीएम गंभीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। रक्षाबंधन के अवसर पर जनपद की 500 महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान सप्रेम भेंट किया गया।
मुख्यमंत्री ने योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण को समर्पित पहल है। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण की प्रेरणास्रोत रही हैं, इसलिए वरिष्ठ महिलाओं के लिए शुरू की गई इस योजना को उनके नाम से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त 2026 तक तीन दिनों के लिए प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री के साथ उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एवं सिटी बस सेवा की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा देने की घोषणा की। उन्होंने मातृशक्ति को इस सुविधा का लाभ उठाने और मनचाही यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण से जुड़ी अन्य योजनाओं और सुरक्षा व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 8,000 न्याय पंचायतों में डिजिटल एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें 50 प्रतिशत डिजिटल एंटरप्रेन्योर महिलाओं को बनाया जाएगा। इसके माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति केंद्रों के साथ शहरों में एआई आधारित सेफ सिटी नेटवर्क तथा 1090 और 112 का इंटीग्रेटेड रिस्पांस सिस्टम मौजूद है।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और सामूहिक विवाह योजना का भी उल्लेख किया। कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की शिक्षा के लिए तथा सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से विवाह के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, एमएलसी विजय बहादुर पाठक और जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने मुख्यमंत्री की पहल का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान करते हुए निशुल्क टिकट से महिलाओं की यात्रा आसान होगी। कार्यक्रम में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेई, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कुंवर हरिओम श्रीवास्तव एवं अजय सिंह, एआरटीओ अतुल यादव, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
0 टिप्पणियाँ