17 फर्जी नियुक्ति पत्र और कूटरचित दस्तावेज बरामद, कई लोगों से ठगी की आशंका।
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने सरकारी स्कूल और एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं।https://www.instagram.com/reel/DbimBOexWmj/?igsh=ZHIxNGg1d3NzcTZy
पुलिस के अनुसार, पुरानी बस्ती निवासी सुजाता जायसवाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि रितेश वर्मा, संदीप गुप्ता व उनके सहयोगियों ने प्रति व्यक्ति 1.35 लाख रुपये लेकर सरकारी स्कूल एवं एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया और 'Max Idea' के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र देकर धोखाधड़ी की।
मामले की विवेचना के दौरान शनिवार को कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा ने पुलिस टीम के साथ रोडवेज तिराहे से वांछित आरोपी रितेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धन उगाही करने की बात स्वीकार की।
पुलिस का कहना है कि गिरोह द्वारा कई अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी किए जाने की आशंका है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ