सेवानिवृत्ति समारोह में ब्लॉक प्रमुख व बीडीओ ने किया सम्मानित, स्मृति चिह्न और ई-स्कूटर भेंट।
आजमगढ़। विकासखंड अतरौलिया के सभागार में शुक्रवार को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) जयप्रकाश सिंह के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव तथा विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी सुमित कुमार पासवान रहे। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र वर्मा ने किया।
समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राम प्रधानों ने जयप्रकाश सिंह के सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा कि जयप्रकाश सिंह ने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सरल व्यवहार से सभी का विश्वास अर्जित किया। पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाने और ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनका योगदान सराहनीय रहा।
बीडीओ सुमित कुमार पासवान ने भी उनके कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में जयप्रकाश सिंह को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपहार स्वरूप ई-स्कूटर भी प्रदान किया गया।
सेवानिवृत्त एडीओ पंचायत जयप्रकाश सिंह ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग और स्नेह को वह हमेशा याद रखेंगे। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी संघ अध्यक्ष सतीश सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ