ब्रेकिंग न्यूज़ : मायावती का सपा पर हमला, बोलीं- ‘पीडीए’ के नाम पर राजनीतिक छलावा कर रही समाजवादी पार्टी।

सपा की बदलती राजनीतिक भाषा पर मायावती ने उठाए सवाल, सर्वसमाज को सावधान रहने की दी सलाह।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बसपा ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति और सिद्धांतों पर चलने वाली सर्वसमाज-हितैषी अंबेडकरवादी पार्टी है। मायावती ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकारें भी इसी विचारधारा के आधार पर चली हैं।
मायावती ने सपा के ‘पीडीए’ यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ‘पी’ को पिछड़े के रूप में प्रचारित किया गया और अब इसे ‘पंडित’ से जोड़कर राजनीतिक संदेश दिया जा रहा है। मायावती ने इसे सपा की राजनीतिक रणनीति और बदलते चुनावी रुख का उदाहरण बताया।
बसपा प्रमुख ने कहा कि राजनीतिक दलों की ऐसी रणनीतियां किसी व्यक्ति को कुछ समय के लिए लाभ पहुंचा सकती हैं, लेकिन इससे पूरे समाज का भला नहीं हो सकता। उन्होंने सर्वसमाज के लोगों से समाजवादी पार्टी की कथित संकीर्ण जातिवादी राजनीति से सावधान रहने की अपील की। मायावती के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में सपा और बसपा के बीच जुबानी टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ