उत्पीड़न के मामलों पर जताया विरोध,
पांडेय गुट ने सेवा पुस्तिका गायब करने और अवैध वसूली के लगाए आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग।
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के ठकुराई और पांडेय गुट के पदाधिकारियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप को लेकर माहौल गरमा गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ठकुराई गुट, चेतनारायण गुट, प्रधानाचार्य परिषद और शिक्षणेत्तर संघ के संयुक्त धरना-प्रदर्शन में प्रदेश मंत्री शैलेश राय और प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानाचार्य, शिक्षक और कर्मचारियों का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक शिक्षक नेता चुनाव के नाम पर शिक्षकों व कर्मचारियों से चंदा और कमीशन मांग रहा है। साथ ही एक शिक्षक नेता की स्नातक, संस्कृत और बीएड की शैक्षणिक योग्यताओं की जांच कराने की मांग भी जिला विद्यालय निरीक्षक से की गई।
धरने की अध्यक्षता प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र नाथ पांडेय ने की, जबकि संचालन जिलामंत्री भूपेश कुमार सिंह ने किया। वक्ताओं ने लालगंज के प्रधानाचार्य सर्वेश मिश्रा, करखिया के सहायक अध्यापक अमरनाथ सिंह और सहायक लिपिक रुद्र प्रताप सिंह के कथित उत्पीड़न का मुद्दा भी उठाया।
वहीं, पांडेय गुट के जिलामंत्री पंकज सिंह ने ठकुराई गुट से जुड़े एक शिक्षक नेता पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की सेवा पुस्तिका गायब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कुछ लोगों पर शिक्षकों के काम कराने के नाम पर कथित अवैध वसूली करने और विद्यालयों के संचालन को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।
दोनों गुटों के आरोपों के बाद शिक्षा विभाग में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
0 टिप्पणियाँ