मंडल प्रभारी एवं आजमगढ़ ब्यूरो चीफ मनोज ओझा ने कहा—आजादी वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की अमूल्य धरोहर।
आजमगढ़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बड़ा देव मंदिर के पास एलवल धोबी गली स्थित दैनिक समाचार पत्र स्वतंत्र चेतना के कार्यालय पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंडल प्रभारी एवं आजमगढ़ ब्यूरो चीफ मनोज ओझा ने ध्वजारोहण किया। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
ध्वजारोहण के बाद मनोज ओझा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का उत्सव नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए लाखों वीर सपूतों द्वारा किए गए त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को केवल एक दिन याद करने के बजाय उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि हम वास्तव में देश के वीर सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि देना चाहते हैं तो देश की उन्नति में अपना योगदान देना होगा। समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सम्मान की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। जाति और धर्म से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना तथा अपने मूल कर्तव्यों का पालन करना ही सच्चे अर्थों में राष्ट्रसेवा है।
कार्यक्रम में विश्राम शर्मा, राजेश यादव, किशन कुमार, मधुर श्रीवास्तव, मुकेश चौधरी, परशुराम सिंह सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ