आजमगढ़ : संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, भाई ने जताई हत्या की आशंका।

सिर पर चोट के निशान मिलने से उठे सवाल, पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक से मौत की बात; पुलिस तहरीर और रिपोर्ट के आधार पर कर रही जांच।
पवई/आजमगढ़। थाना क्षेत्र के बलईपुर गांव निवासी 48 वर्षीय प्रमोद कुमार गौड़ पुत्र बलराम गौड़ की 14-15 अगस्त की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव गांव से करीब 500 मीटर दूर बलईपुर से सलारपुर जाने वाले चकरोड पर पड़ा मिला। 15 अगस्त की सुबह शौच के लिए गई महिलाओं ने शव देखा और शोर मचाया। जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान प्रमोद कुमार गौड़ के रूप में हुई।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक की पत्नी की कुछ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी थी। उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। दोनों बेटे बाहर रहकर कमाते हैं। मृतक के भाई अनूप कुमार गौड़ ने पवई थाने में तहरीर देकर भाई की हत्या की आशंका जताई है।
तहरीर में अनूप ने बताया कि गांव की रहने वाली चंद्रकला पत्नी स्व. इंद्रजीत गौतम से कुछ दिन पहले पैसे के लेन-देन को लेकर प्रमोद की कहासुनी हुई थी। इसके बाद चंद्रकला के मामले को लेकर राम केवल प्रजापति पुत्र श्रीराम प्रजापति निवासी देवसरा, थाना मालीपुर, अंबेडकरनगर उसके घर आकर धमकी देकर गया था। भाई ने आशंका जताई कि इसी विवाद में प्रमोद की हत्या की गई है।
सूचना पर पवई थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर फॉरेंसिक टीम और एसओजी टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए तथा पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह ने कहा कि पीड़ित पक्ष की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट दोनों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद 16 अगस्त को क्षेत्राधिकारी फूलपुर और थानाध्यक्ष पवई की मौजूदगी में गांव के पास नदी किनारे मृतक का अंतिम संस्कार कराया गया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में मृतक के कई अंगों के खराब होने की बात भी सामने आई है। परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार मृतक शराब और गांजा का सेवन करता था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ