कानपुर : वृद्धाश्रम पहुंची भारतीय रक्षक पार्टी, बुजुर्गों का जाना हाल-चाल।

पार्टी पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य और व्यवस्थाओं की ली जानकारी, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा।
कानपुर। भारतीय रक्षक पार्टी (BRP) के प्रतिनिधिमंडल ने पनकी स्थित वृद्धाश्रम का दौरा कर वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य एवं जरूरतों की जानकारी ली। पार्टी पदाधिकारियों ने बुजुर्गों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
दौरे के दौरान डॉ. कुलदीप मिश्रा ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय पार्टी की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुद्र सक्सेना ने बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास करती रहेगी।
राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव और मार्गदर्शन समाज के लिए महत्वपूर्ण है। उनका सम्मान और देखभाल सभी की जिम्मेदारी है। वहीं, कानपुर जिलाध्यक्ष अनुज पांडे ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की बात रखी।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के साथ-साथ ट्रांसजेंडर समुदाय समेत समाज के सभी वर्गों को सम्मान, समान अवसर और स्वीकार्यता मिलनी चाहिए। पार्टी ने कहा कि वह आगे भी बुजुर्गों, ट्रांसजेंडर समुदाय तथा अन्य जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं को उठाती रहेगी। प्रतिनिधिमंडल ने जनसंपर्क के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ