साइबर सेल की तकनीकी टीम ने लोकेशन ट्रेस की, रौनापार पुलिस ने पालघर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गिरफ्तारी।
आजमगढ़। रौनापार थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने युवती के अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में वांछित आरोपी को महाराष्ट्र के पालघर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार साइबर सेल की तकनीकी टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस के मुताबिक रौनापार क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी 23 वर्षीय बेटी के संबंध में तहरीर दी थी। आरोप है कि आरोपी प्रमोद गोंड ने युवती से दोस्ती के बाद उसके आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना लिए थे। बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर युवती पर दबाव बनाया गया और कथित तौर पर फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए।
मामले में 13 जुलाई 2026 को रौनापार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर-जमानती वारंट प्राप्त किया गया। साइबर सेल की तकनीकी जांच में आरोपी की लोकेशन बोइसर, पालघर, महाराष्ट्र में मिली।
लोकेशन के आधार पर रौनापार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम महाराष्ट्र पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से बोइसर स्थित एक कंपनी से आरोपी प्रमोद गोंड को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आजमगढ़ लाया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67ए के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है।
0 टिप्पणियाँ