संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर।
संवाददाता -राकेश गौतम
आजमगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत आजमगढ़ में संगठन को मजबूत करने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता आशुतोष द्विवेदी ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।आशुतोष द्विवेदी ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद अपना आवेदन प्रस्तुत किया और निजामाबाद विधानसभा की बैठक में पर्यवेक्षक को नामांकन पत्र सौंपा। इस दौरान संगठन सृजन अभियान के तहत चल रही ब्लॉक स्तरीय बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा हुई।
द्विवेदी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी जिस कार्यकर्ता को सौंपी जाएगी, सभी लोग उसके साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।
उन्होंने कांग्रेस को एक परिवार बताते हुए कहा कि अध्यक्ष पद के लिए आवेदन करने वाले कार्यकर्ताओं के बीच किसी तरह का मतभेद या मनभेद नहीं है। यह पार्टी की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और सभी कार्यकर्ता इस प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
संगठन सृजन अभियान के तहत आजमगढ़ में पर्यवेक्षकों के निर्देशन में ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित कर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की राय जानने की प्रक्रिया जारी है।
0 टिप्पणियाँ