आजमगढ़ : एक घंटे की बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, कई इलाकों में जलभराव।

लालगंज में सबसे ज्यादा 70.5 मिमी बारिश, रविवार से फिर तेज बारिश के आसार…
संवाददाता -अखिलेश 
लालगंज/आजमगढ़। करीब एक सप्ताह से गर्मी और उमस झेल रहे जिलेवासियों को बृहस्पतिवार को हुई बारिश से राहत मिली। दोपहर में आसमान में घने बादल छाने के बाद अचानक बारिश शुरू हुई, जो करीब एक घंटे तक जारी रही। जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों ने राहत की सांस ली। खेतों में नमी बढ़ने से किसानों को भी राहत मिली है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, लालगंज में सबसे अधिक 70.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पल्हना और ठेकमा में 70-70, जहानागंज में 65.5, तरवां में 65, निजामाबाद-तहबरपुर में 39, फूलपुर-पवई में 35, मेंहनगर में 33, मंदुरी एयरपोर्ट और पल्हनी में 28.8 व 28 मिलीमीटर बारिश हुई। सगड़ी और बिलरियागंज में 28 तथा कोयलसा विकास खंड में 17 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश ने खोली जलनिकासी व्यवस्था की पोल-
बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर के कई हिस्सों में जलभराव ने परेशानी बढ़ा दी। सिधारी, पुलिस लाइन, रैदोपुर और बलरामपुर में जगह-जगह पानी भर गया। बलरामपुर में फोरलेन की एक साइड करीब 250 मीटर तक पानी में डूब गई। रैदोपुर स्थित कर्मचारी आवास कॉलोनी की मुख्य सड़क भी जलमग्न हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के दौरान यहां हर बार जलभराव की समस्या होती है।
रविवार से अच्छी बारिश की उम्मीद-
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पूर्वांचल में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। शुक्रवार और शनिवार को हल्की बारिश के बाद रविवार से अगले तीन-चार दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव किसानों के लिए भी राहत देने वाला माना जा रहा है।
पांच दिनों में बढ़ा तापमान-
तारीख अधिकतम न्यूनतम-
09 अगस्त 32.6° 26.8°
10 अगस्त 32.8° 27.4°
11 अगस्त 36.2° 27.4°
12 अगस्त 36.8° 28.0°
13 अगस्त 35.5° 29.8°

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ