BREKING NEWS : बसपा में पूर्व मंत्री धर्मवीर अशोक की घर वापसी, संगठन को मिलेगी नई मजबूती।

कई राज्यों के रह चुके हैं प्रभारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह तो विरोधियों में बढ़ी राजनीतिक हलचल।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपने वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री धर्मवीर अशोक की पार्टी में वापसी कराकर संगठन को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उनकी वापसी को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। लंबे संगठनात्मक अनुभव और कई राज्यों में पार्टी प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके धर्मवीर अशोक को संगठन को मजबूत करने की क्षमता के लिए जाना जाता है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार धर्मवीर अशोक ने अपने राजनीतिक जीवन में विभिन्न राज्यों में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और चुनावी रणनीति पर प्रभावी ढंग से कार्य किया है। उनकी संगठनात्मक क्षमता के कारण उन्हें बसपा के अनुभवी नेताओं में गिना जाता है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए उनकी वापसी संगठन को नई ऊर्जा प्रदान कर सकती है।
धर्मवीर अशोक की वापसी के बाद बसपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। विभिन्न जिलों से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे संगठन के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके अनुभव का लाभ पार्टी को आगामी चुनावों में मिलेगा।
 विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बसपा लगातार अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है। ऐसे समय में धर्मवीर अशोक जैसे अनुभवी नेता की वापसी पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा मानी जा रही है। वहीं राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। पार्टी की ओर से संकेत दिए गए हैं कि आने वाले समय में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसंपर्क अभियान को और गति दी जाएगी। ऐसे में धर्मवीर अशोक की सक्रिय भूमिका पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ