लखनऊ स्थित आवास पहुंचीं बसपा सुप्रीमो, परिवार को बंधाया ढांढस, कहा– पार्टी हमेशा साथ खड़ी रहेगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एकमात्र विधायक एवं बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार निर्वाचित जनप्रतिनिधि उमाशंकर सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।https://www.instagram.com/reel/Dbr6FQ1xHVG/?igsh=eTNrMjFraTQ2b2w1
गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बसपा सुप्रीमो मायावती लखनऊ स्थित उमाशंकर सिंह के आवास पहुंचीं और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
मीडिया से बातचीत में मायावती भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, "भाई तो बहुत मिले, लेकिन उमाशंकर जैसा नहीं। उन्होंने कभी मुझे धोखा नहीं दिया। वे पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा और ईमानदारी से समर्पित रहे।" उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह का निधन बसपा के लिए अपूरणीय क्षति है।
मायावती ने आगे कहा कि इस दुख की घड़ी में बहुजन समाज पार्टी का पूरा संगठन और उनका पूरा परिवार उमाशंकर सिंह के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उमाशंकर सिंह अपने सरल स्वभाव, संगठन के प्रति समर्पण और क्षेत्र में सक्रिय जनसेवा के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण शून्य उत्पन्न हो गया है।
0 टिप्पणियाँ