आजमगढ़ : युवती से छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी के मामले में सात लोगों पर मुकदमा दर्ज।

न्यायालय के आदेश पर निजामाबाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, बीएनएस की विभिन्न धाराओं में शुरू हुई जांच।

संवाददाता -अबुल कैश 

निजामाबाद (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के फरिहा गांव की एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और अन्य गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई। मामले में एफआईआर संख्या 0194/2026 दिनांक 1 अगस्त 2026 को दर्ज की गई है। पीड़िता के अनुसार, फरिहा गांव निवासी एक युवक लंबे समय से उसके साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करता था। आरोप है कि 17 मई 2026 को आरोपी ने दोबारा उसके साथ अभद्रता की।

जब पीड़िता ने इसकी शिकायत आरोपी के परिजनों से की, तो विवाद बढ़ गया और उसे मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। पीड़िता का कहना है कि उसने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। एफआईआर में परवेज आलम, मुरसलीन, सारिक, अफसाना, शिफा बानो, रहमत बानो और शुबा बानो को नामजद किया गया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ