बड़ी खबर: राम मंदिर ट्रस्ट में पहले पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति की तैयारी तेज।

5,200 आवेदनों में से 18 उम्मीदवार चुने गए, प्रशासनिक अनुभव और प्रबंधन क्षमता परखी जा रही।
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पद के लिए देशभर से करीब 5,200 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 18 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है।https://www.instagram.com/reel/Db5OgjwxcIJ/?igsh=MWx6dzh4eHB4MHFvbw==
चयनित उम्मीदवारों के इंटरव्यू के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। समिति उम्मीदवारों की प्रशासनिक दक्षता, प्रबंधन का अनुभव और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को संभालने की क्षमता का मूल्यांकन कर रही है।
जानकारी के अनुसार, चयनित सभी उम्मीदवार साक्षात्कार के लिए अयोध्या पहुंच चुके हैं। उनके ठहरने की व्यवस्था ट्रस्ट की ओर से की गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद योग्य उम्मीदवार को मंदिर ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक CEO की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
यह नियुक्ति मंदिर की बढ़ती गतिविधियों और प्रशासनिक कार्यों को व्यवस्थित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। CEO के माध्यम से ट्रस्ट के दैनिक संचालन, प्रबंधन और वित्तीय व्यवस्था में बेहतर समन्वय स्थापित करने की उम्मीद है।
ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मंदिर को मिलने वाले दान और अन्य प्रशासनिक कार्यों के बेहतर प्रबंधन की जरूरत को देखते हुए इस पद को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ