रंगे हाथ पकड़ी गई आरोपी के कब्जे से पीली धातु की चेन बरामद, आजमगढ़-मऊ में चोरी के दो मुकदमे दर्ज
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र स्थित बाबा भंवरनाथ मंदिर में श्रद्धालु की चेन चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को राजेश यादव अपनी पत्नी मनोरमा देवी के साथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान महिला ने उनकी पत्नी के गले से चेन काटने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद श्रद्धालु महिलाओं ने उसे पकड़ लिया और चेन बरामद कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान खुशबू पत्नी रितेश उर्फ दीपक, निवासी संसार पट्टी, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर के रूप में की है। उसके कब्जे से करीब एक हजार रुपये कीमत की पीली धातु की चेन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और मऊ में चोरी के दो अभियोग दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
0 टिप्पणियाँ