मायावती के निर्देश पर मिली जिम्मेदारी, सेक्टर प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा कर केंद्रीय नेतृत्व को देंगे रिपोर्ट।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर श्री ईशान आनंद को सेक्टर नंबर-1 और सेक्टर नंबर-2 के कार्यों की समीक्षा के लिए मुख्य सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया गया है।
जारी जानकारी के मुताबिक, ईशान आनंद दोनों सेक्टरों के प्रभारियों से सीधे संपर्क में रहकर उनके कार्यों की समीक्षा करेंगे। आवश्यकता के अनुसार वह संबंधित सेक्टर के राज्यों का दौरा करेंगे। इसके अलावा सेक्टर प्रभारियों को दिल्ली स्थित बसपा के केंद्रीय कार्यालय में भी बुलाकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
समीक्षा के दौरान संगठन के कामकाज, प्रगति और पार्टी के कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। इसके बाद ईशान आनंद दोनों सेक्टरों की प्रगति रिपोर्ट बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती तथा पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार को सौंपेंगे।
पार्टी की ओर से ईशान आनंद को दी गई यह जिम्मेदारी संगठनात्मक कार्यों की निगरानी और सेक्टर स्तर पर गतिविधियों को गति देने से जुड़ी मानी जा रही है। उनके सामने दोनों सेक्टरों के प्रभारियों के साथ समन्वय बनाकर संगठन के कार्यों की नियमित समीक्षा करने की जिम्मेदारी होगी।
0 टिप्पणियाँ