मुजफ्फरनगर: 11 दिन से लापता अतुल का खेत में मिला शव, दो संदिग्ध हिरासत में।

खतौली के भैंसी गांव में ईंख के खेत की डोल पर मिला 24 वर्षीय युवक का शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
संवाददाता : योगेश कुमार
खतौली (मुजफ्फरनगर)। थाना खतौली क्षेत्र के गांव भैंसी में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 11 दिन से लापता 24 वर्षीय युवक अतुल का शव ईंख के खेत की डोल के पास मिला। शव की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भैंसी गांव निवासी अतुल पुत्र संतपाल 29 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश के बाद खतौली कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान अतुल के रूप में की।
पुलिस के अनुसार शव की स्थिति खराब थी। शरीर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। वहीं, गले पर भी चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। ग्रामीणों द्वारा शव पर किसी रासायनिक पदार्थ के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
मामले में पुलिस ने गांव के दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के कारण और अन्य तथ्यों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ