नेहरू हाल में आयोजित होगा महासम्मेलन, कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं राष्ट्रीय नेताओं की रहेगी मौजूदगी।
आजमगढ़। सामाजिक न्याय एवं जातिगत जनगणना में ओबीसी कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर आगामी 15 सितंबर, दिन मंगलवार को सुबह 10 बजे आजमगढ़ के नेहरू हाल में विशाल महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य पिछड़े वर्ग के अधिकारों, सामाजिक न्याय और जातिगत जनगणना में ओबीसी वर्ग की उचित भागीदारी को लेकर जनजागरूकता पैदा करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओबीसी समाज की आवाज उठाने वाले ओबीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मिशन मैन डॉ. अनिल जय हिंद तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग एवं उत्तर प्रदेश संगठन प्रभारी सम्माननीय श्री राजेंद्र पाल गौतम उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज यादव सहित अन्य सम्मानित विशिष्ट अतिथियों का आजमगढ़ की ऐतिहासिक धरती पर स्वागत, अभिनंदन एवं वंदन किया जाएगा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव राम प्यारे यादव ने ओबीसी समाज के सम्मानित नेताओं, कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों एवं सामाजिक न्याय के समर्थकों से अपील की है कि वे महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और जातिगत जनगणना में ओबीसी कॉलम को लेकर जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। महासम्मेलन के माध्यम से पिछड़े वर्ग के अधिकारों और उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ