सामाजिक एकजुटता, शिक्षा और उत्थान पर होगा मंथन, विधानसभा चुनाव 2027 में राजनीतिक भागीदारी की रणनीति पर भी चर्चा।
संवाददाता—धीरज वर्मा
आजमगढ़। स्वर्णकार भारतीय सेवा संस्थान के राष्ट्रीय चेयरमैन रवि सर्राफ ने बताया कि सुनार समाज को एकजुट और संगठित करने, समाज के लोगों के सम्मान, उत्थान एवं शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20 सितंबर को वाराणसी के सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का निमंत्रण देने आजमगढ़ पहुंचे रवि सर्राफ ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि महासम्मेलन का किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है, लेकिन विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए समाज की राजनीतिक भागीदारी और रणनीति पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां समाज को सम्मान और उचित भागीदारी मिलेगी, वहां एकजुट होकर मतदान की रणनीति तैयार की जाएगी। रवि सर्राफ ने बताया कि वह अब तक करीब 40 जिलों का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने संपन्न लोगों से अनावश्यक खर्च में करीब 20 प्रतिशत कटौती कर जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की। साथ ही, आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा में सहायता के लिए स्वर्णकार समाज शिक्षा ट्रस्ट बनाने पर विचार की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गौतम सेठ, संरक्षक राजू सेठ, कोषाध्यक्ष जयशंकर सेठ, महामंत्री संजू रस्तोगी, नगर अध्यक्ष अरविंद वर्मा सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ