बलिया में भाजपा ने 2027 की तैयारी को दी धार, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर।

सह-प्रीतिभोज में जुटे कार्यकर्ता, पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला के समर्थन में दोबारा टिकट की मांग।
ब्यूरोचीफ बलिया | हिमांशु दुबे
दुबहर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार शाम बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र के दुबहर स्थित एक मैरिज हॉल में भाजपा कार्यकर्ता मिलन समारोह एवं सह-प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समारोह में पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्र प्रकाश पाठक ने शुक्ला के पूर्व कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए पार्टी नेतृत्व से आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें पुनः प्रत्याशी बनाए जाने की मांग रखी।
कार्यक्रम के अंत में सह-प्रीतिभोज का आयोजन हुआ, जिसमें पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक साथ भोजन किया। इस दौरान आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सतीश चंद्र महाविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष विशाल सिंह ने की, जबकि संचालन अमित दुबे ने किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रभात पाण्डेय, घनश्याम पांडेय, अखिलेश वर्मा, राजू सिंह, रवींद्र सिंह, बलदेव जी गुप्ता, अंजली लाल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ