25 सितंबर को लखनऊ में जुटेंगे ओपीएस योद्धा : नवल किशोर

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों ने रोपा बरगद का पौधा, आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील।
आजमगढ़। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को पल्हनी ब्लॉक के एकरामपुर स्थित डीह बाबा स्थान पर बरगद का पौधा रोपा गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘हर रविवार एक वृक्ष पुरानी पेंशन बहाली के नाम’ अभियान के तहत ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला उपाध्यक्ष एवं अटेवा के जिला मीडिया प्रभारी गुलाब चौरसिया के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे अटेवा आजमगढ़ के मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी नवल किशोर ने कहा कि 25 सितंबर को लखनऊ में आजमगढ़ के ओपीएस योद्धा अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने जनपद के शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों से सुबह 10 बजे लखनऊ के गार्डन मैदान में पहुंचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व विजय कुमार बंधु और अटेवा आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष सुभाष चंद यादव के निर्देश पर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन में डटे रहेंगे।
ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन की मांग को लेकर कर्मचारी बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेंगे। गुलाब चौरसिया ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है और इसके लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान विनोद यादव, प्रधान अनुसूजा मौर्य, आर्यन स्कूल के प्रबंधक सुरेंद्र यादव, सुनील सिंह, अभय चौहान, रामबचन, बृजेश चौहान, महेंद्र कुमार शर्मा, असलम, श्रीकृष्ण यादव सहित ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यालय प्रबंधक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ