सपा नेताओं ने पूर्व सांसद के योगदान को याद किया, धर्मेंद्र यादव ने 2027 को लेकर रखा राजनीतिक रुख।
संवाददाता - धीरज वर्मा
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य, वरिष्ठ अधिवक्ता, समाजसेवी एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय ईशदत्त यादव की 27वीं पुण्यतिथि शनिवार को नेहरू हाल कलेक्ट्रेट में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। श्रद्धांजलि सभा में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया।
मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद एवं मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव ने कहा कि ईशदत्त यादव ने चौधरी चरण सिंह और मुलायम सिंह यादव के साथ रहकर समाजवादी आंदोलन को मजबूत किया। उन्होंने गरीबों, किसानों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज को सदन से लेकर सड़क तक उठाया। धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया तथा कहा कि वर्ष 2027 में जनता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी।
पूर्व मंत्री बलराम यादव ने ईशदत्त यादव के साथ संगठन के लिए किए गए कार्यों को याद किया। विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने उन्हें गरीबों और पीड़ितों के लिए संघर्ष करने वाला विद्वान अधिवक्ता बताया।
पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने पीडीए वर्गों को संगठित होने की बात कही। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की अपील की। कार्यक्रम में पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव सहित पार्टी के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ