धर्मेंद्र यादव बोले—जिले की सभी सीटों पर जीत के लिए कार्यकर्ता जुटें, भाजपा पर आरक्षण और किसानों के मुद्दे को लेकर साधा निशाना।
संवाददाता -धीरज वर्मा
आजमगढ़। मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र में एक वित्तीय वर्ष के दौरान 5 करोड़ 42 लाख 55 हजार 588 रुपये की लागत से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण मुख्य अतिथि धर्मेंद्र यादव ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र यादव ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि पूरे जिले की सभी विधानसभा सीटों पर पिछली बार से अधिक वोटों के साथ चुनाव जीतने के लिए अभी से जुटना होगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आरक्षण के साथ खिलवाड़ किया गया और पीडीए वर्ग के लोगों को पीछे किया गया। महिलाओं के साथ अत्याचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। सठियांव चीनी मिल का जिक्र करते हुए धर्मेंद्र यादव ने कहा कि उन्हें नेता जी के साथ इसके शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में आने का अवसर मिला था और ऐसी चीनी मिल कहीं और नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों को चीनी मिल से परेशानी है और किसानों की समस्याओं से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमत बढ़ गई, लेकिन गन्ने का मूल्य उस अनुपात में नहीं बढ़ा। धर्मेंद्र यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये प्रतिवर्ष देने का काम किया जाएगा। वहीं विधायक अखिलेश यादव ने कहा कि मुबारकपुर की धरती उनकी कर्मभूमि है और यहां की जनता उनके लिए देवतुल्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए मिलने वाली निधि का एक-एक रुपया विकास कार्यों पर खर्च किया गया है। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि लोकार्पण कार्यक्रम ने साबित किया है कि सपा विकास कार्यों को प्राथमिकता देती है और पार्टी का उद्देश्य चारों तरफ विकास दिखाई देना है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बलराम यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, रामदुलारे राजभर, विधायक संग्राम यादव, बेचई सरोज, नफीस अहमद, पूजा सरोज, एचएन पटेल, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, कमला प्रसाद यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष शोभनाथ यादव ने की, जबकि संचालन बहादुर यादव ने किया।
0 टिप्पणियाँ