महासम्मेलन को लेकर गांव-गांव जनसंपर्क तेज, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद कुमार समेत बसपा की पूरी टीम जुटी; 2027 में सगड़ी में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार।
आजमगढ़। आगामी 8 सितंबर को सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में कार्यकर्ता महासम्मेलन प्रस्तावित है। महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए बसपा की आजमगढ़ जिला टीम ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और प्रमुख बाजारों में पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान किया जा रहा है।
जनसंपर्क अभियान में बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद कुमार विशेष रूप से सक्रिय नजर आ रहे हैं। वह लोगों के बीच पहुंचकर बसपा की विचारधारा और नीतियों को बताते हुए उनके सुख-दुख में शामिल हो रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बसपा की इस सक्रियता को संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि 8 सितंबर के महासम्मेलन के दौरान सगड़ी विधानसभा सीट से 2027 के लिए बसपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा संभव है। हालांकि प्रत्याशी की आधिकारिक घोषणा होने तक इसे केवल राजनीतिक चर्चा और संभावित घटनाक्रम के रूप में ही देखा जा रहा है। यदि बसपा की ओर से प्रत्याशी घोषित होता है तो सगड़ी की चुनावी राजनीति में तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है। स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए 2027 में सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार भी जताए जा रहे हैं। बसपा नेताओं और समर्थकों का दावा है कि पार्टी इस बार चुनाव को लेकर पूरी गंभीरता के साथ तैयारी कर रही है और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जा रहा है। पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि बसपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में विकास और रोजगार के क्षेत्र में काम हुआ। उन्होंने कहा कि जनता ने मौका दिया तो पार्टी युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और शिक्षा को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन मायावती सर्व समाज को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती हैं और पार्टी का मूल सिद्धांत “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” है। अब 8 सितंबर के महासम्मेलन पर कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सगड़ी की जनता और राजनीतिक गलियारों की भी नजरें टिकी हैं।
0 टिप्पणियाँ