Azamgarh : किसान हितों को लेकर भारतीय किसान संघ ने बुलंद की आवाज।

धरना-प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, खाद, बिजली, फसल मूल्य और किसान सम्मान निधि समेत कई मांगें उठाईं।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़। किसानों की विभिन्न समस्याओं और कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ, उत्तर प्रदेश की ओर से जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय कुमार चतुर्वेदी ने की। इसमें अवध प्रांत एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों के अलावा ब्लॉक अध्यक्ष, प्रभारी और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
ज्ञापन में किसान सम्मान निधि की वार्षिक राशि आठ हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये करने की मांग प्रमुख रही। संघ ने रबी की खेती को देखते हुए डीएपी और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता तथा निर्धारित दर पर खाद मुहैया कराने की मांग की। साथ ही पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने और चकबंदी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की बात कही।
किसानों ने फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने, गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान कराने, किसान रजिस्ट्रेशन और फार्मर रजिस्ट्री में सभी खातेदारों को दर्ज करने की मांग भी रखी। इसके अलावा खेतों के अंश निर्धारण और खतौनी में नाम सुधार की प्रक्रिया को सुगम बनाने की मांग की गई।
ज्ञापन में बिजली नलकूपों को कनेक्शन, बिजली बिल में राहत, क्रय केंद्रों पर नमी के नाम पर अनावश्यक कटौती रोकने तथा कृषि एवं मत्स्य पालन के लिए बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही। संघ ने सरकारी कृषि जल संसाधनों को सुचारू करने और सहकारी समितियों पर नियमित कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग भी उठाई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ