आजमगढ़ : छात्रों की गिरफ्तारी के विरोध में सपा प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिला।

15 छात्रों को सात घंटे लॉकअप में रखने का आरोप, सपा नेताओं ने पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का आरोप; समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा 1 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार द्वारा अध्यक्षता किए जाने के विरोध में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद 15 छात्रों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कार्रवाई पर विरोध जताया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 15 छात्रों को कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए कोतवाली सदर के लॉकअप में बंद कर दिया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, छात्रों को करीब सात घंटे तक लॉकअप में रखा गया और पानी मांगने के बावजूद उन्हें पानी उपलब्ध नहीं कराया गया।
सपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों की रिहाई के बाद सीओ सिटी द्वारा उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया और भयभीत करते हुए राजनीति से दूर रहने की बात कही गई। प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी के कथित व्यवहार को असंवैधानिक बताते हुए एसएसपी के समक्ष मामले की शिकायत की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन संवैधानिक अधिकार हैं। पुलिस की कार्रवाई से छात्रों में आक्रोश है और अधिकारियों के इस तरह के व्यवहार से टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है। सपा नेताओं ने जिले में बढ़ते अपराध, पीडीए वर्ग के लोगों के कथित उत्पीड़न, शिकायतों पर मुकदमा दर्ज न होने तथा थानों और तहसीलों में कथित धन उगाही जैसे मुद्दे भी एसएसपी के सामने उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि दबंगों के प्रभाव में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा मनमानी किए जाने से आम जनता परेशान है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के प्रभाव में पुलिस द्वारा जमीनों पर जबरन कब्जा कराने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। प्रतिनिधिमंडल में सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक अखिलेश यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, विधायक कमलाकांत राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव, ओम प्रकाश राय, शिवसागर यादव सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ