मंडल स्तरीय बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा, भाजपा और सपा पर वक्ताओ ने साधा निशाना।
बसपा जिलाध्यक्ष बोले—सरकार बनने पर रोजगार और महिला सुरक्षा पर रहेगा जोर, बैठक में गूंजा ‘एक वोट हाथी को, अपने पुराने साथी को’ का नारा।
आजमगढ़। बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में सोमवार को आजमगढ़ के नरौली स्थित मंडल कार्यालय में मंडल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओमकार शास्त्री रहे, जबकि अध्यक्षता रामविलास भास्कर ने की। अजय कुमार और प्रदीप कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक का संचालन रामजीत चौहान ने किया। इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार, जिला कोषाध्यक्ष रशीद भाई, पिछड़ा वर्ग जिला संयोजक रामजीत मौर्य समेत जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी, विधानसभा अध्यक्ष और जिला व विधानसभा स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन की तैयारियों का जायजा लेने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में अभी से सक्रिय होकर पार्टी के संगठन को मजबूत करने और मतदाताओं तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने की अपील की गई।
भाजपा सरकार पर जमकर हमला-
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओ ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं तथा दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के लोगों के अधिकारों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष ने पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार और सुरक्षा के सवालों का समाधान जरूरी है। इसी क्रम में जिलाध्यक्ष विजय कुमार ने दावा किया कि बसपा की सरकार बनने पर अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बसपा की सरकार बनने पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आजमगढ़ के सपा विधायकों पर भी साधा निशाना-
वक्ताओ ने समाजवादी पार्टी के आजमगढ़ के विधायकों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में सपा विधायकों की ओर से विकास कार्यों को लेकर अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायकों की ओर से बार-बार यह कहना कि प्रदेश में उनकी सरकार नहीं है, विकास कार्य न होने का उचित बहाना नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि यदि विधायक विकास कार्य नहीं करा पा रहे हैं तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उनके मुताबिक, आजमगढ़ की जनता को ऐसे जनप्रतिनिधियों की जरूरत है जो क्षेत्र के विकास के लिए काम करें और समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास करें।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की अपील की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच “एक वोट हाथी को, अपने पुराने साथी को” का नारा भी दोहराया गया।
0 टिप्पणियाँ