देवगांव पुलिस ने किशोरी के यौन शोषण के आरोपी को पकड़ा, निजामाबाद पुलिस ने पुणे से एक आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
संवाददाता -अबुल कैश
आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देवगांव और निजामाबाद थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री वायरल करने से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
देवगांव थाना पुलिस ने किशोरी के यौन शोषण के मामले में वांछित सूरज राजभर पुत्र लालबिहारी राजभर, निवासी भोजपुर को 15 सितंबर 2026 को पल्हना तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध बहला-फुसलाकर किशोरी का यौन शोषण करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वहीं, निजामाबाद थाना पुलिस ने नाबालिग से संबंधित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो और टिप्पणियां सोशल मीडिया पर प्रसारित करने तथा परिवार को बदनाम करने की धमकी देने के मामले में वांछित रत्नेश अवस्थी, उम्र करीब 44 वर्ष, को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय पुणे में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद आजमगढ़ लाया गया। मामले में विवेचना के दौरान पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई थीं।
इसी थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य दुष्कर्म के मुकदमे में पुलिस ने आकाश पुत्र पूरेधी नट, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी गंधुवई को 14 सितंबर को गंधुवई मोड़ से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।
0 टिप्पणियाँ