आजमगढ़ : तीन साल से फरार ₹25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार।

जीयनपुर पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई; चोरी के मामले में चल रहा था वांछित।
आजमगढ़। जीयनपुर थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में तीन वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे ₹25,000 के इनामी वांछित अभियुक्त सर्वेश सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को 15 सितंबर 2026 को चंगईपुर तिराहे के पास से करीब 10:55 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में पनशब्दा निवासी स्वेता सिंह ने घर का ताला तोड़कर आभूषण, बर्तन और नकदी चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में सर्वेश सिंह तथा विकास उर्फ अभिषेक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान विकास के कब्जे से ₹20,024 बरामद होने पर मुकदमे में भारतीय दंड संहिता की धारा 411 भी बढ़ाई गई थी।
पुलिस का कहना है कि सर्वेश सिंह गिरफ्तारी से लगातार बच रहा था और न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। इसके चलते 31 दिसंबर 2023 को उसके विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की गई तथा उसे फरार घोषित करते हुए चालान मफरूरी किया गया। लगातार फरारी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने 7 सितंबर 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का पुरस्कार घोषित किया था।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध जीयनपुर थाने में चोरी और न्यायालय की कार्रवाई से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वह रौनापार थाने में दर्ज एक अन्य मामले में भी वांछित बताया गया है, जिसकी विवेचना एएचटीयू आजमगढ़ द्वारा की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ