बड़ी खबर : शिक्षक भर्ती के नाम पर ऊंट के मुंह में जीरा, जूनियर शिक्षकों की वैकेंसी का इंतजार बरकरार।

12,405 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, लेकिन जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों के लिए अब तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को एक बार फिर सीमित अवसरों से संतोष करना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 12,405 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इसमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायता प्राप्त विद्यालयों में सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी के 897 पद और बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापक शहरी के 11,508 पद शामिल हैं।
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर निर्धारित की गई है। परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
हालांकि, जूनियर हाईस्कूल के शिक्षकों की भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को इस विज्ञापन से निराशा हाथ लगी है। अभ्यर्थियों का सवाल है कि जूनियर शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन आखिर कब जारी होगा। लंबे समय से वैकेंसी की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं का कहना है कि प्रदेश के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए सभी स्तरों पर व्यापक भर्ती अभियान चलाया जाना चाहिए।
अभ्यर्थियों ने सरकार और संबंधित आयोग से जूनियर शिक्षकों की भर्ती को लेकर स्थिति स्पष्ट करने तथा जल्द से जल्द वैकेंसी जारी करने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ